ममता के खिलाफ भवानीपुर में BJP का चुनावी अभियान का नए अंदाज के साथ आगाज ,कहा -बंगाल की जनता के लिए है लड़ाई
पश्चिम बंगाल में होने वाले उपचुनाव में अब 20 दिन से भी कम समय बचा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार भवानीपुर विधानसभा से उपचुनाव लड़ने जा रही हैं ऐसे में भाजपा ने भी आज रविवार से भवानीपुर विधानसभा में अपने चुनावी अभियान का आगाज किया और इस आगाज का अंदाज भी भाजपा ने एक अलग तरीके से ही किया। भारतीय जनता पार्टी के बंगाल प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और भवानीपुर से ममता के खिलाफ चुनाव लड़ने जा रही भाजपा की प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल ने भवानीपुर विधानसभा की दीवारों पर अपने हाथों से कमल का चिन्ह बनाया और इस तरह से भाजपा ने चुनावी अभियान का बिगुल फूंका।
पश्चिम बंगाल की 3 सीटों पर 30 सितंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। बंगाल विधानसभा में ममता बनर्जी अपनी ही सीट नंदीग्राम से जीत हासिल नहीं कर सकी थी जिसको लेकर भाजपा अब भी उन पर हमलावर है। बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने चुनावी अभियान के साथ ही कहा कि ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था यह सोच कर कि वह जीत जाएंगी लेकिन वे हार गई। राजनीति में क्या हो सकता है इस विषय में कोई भी भविष्यवाणी नहीं कर सकता है। दिलीप घोष ने कहा कि प्रियंका टिबरेवाल ने बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के विरुद्ध न्याय की लड़ाई का नेतृत्व किया है।
वहीं भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका ने कहा कि वे अपना नामांकन सोमवार को भरेंगी।प्रियंका ने ममता पर हमला करते हुए कहा कि बंगाल के लोगों को जीने का अधिकार है लेकिन यह अधिकार ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस के द्वारा लोगों से छीना जा रहा है। प्रियंका ने कहा कि मैं बंगाल के लोगों के लिए लड़ रही हूं। हालांकि बीते दिन प्रियंका ने यह भी कहा था कि उन्हें निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा है कि भवानीपुर में उपचुनाव पारदर्शिता के साथ नहीं कराए जाएंगे क्योंकि सत्ता में काबिज तृणमूल कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती है।