भाजपा ने पांच राज्यों में घोषित किये विधानसभा चुनाव प्रभारी, जानिए यूपी में किस दिग्गज नेता को मिली कमान
2022 में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रभारियों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पांचों चुनावी राज्यों जिसमें उत्तर प्रदेश ,उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर शामिल हैं के लिए चुनाव प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है।
उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी भाजपा ने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी को दी है ।वही उनके साथ सरदार आरपी सिंह और लॉकेट चटर्जी को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी विनोद चावड़ा को सौंपी गयी है।
गोवा विधानसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वही मणिपुर में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव इस समय सबसे ज्यादा चर्चाओं में हैं । उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला भी माना जा रहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रभारी के रूप में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कमान सौंपी है। वही उनके साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को भी सह प्रभारी बनाया गया है।