आप ने कहा-बाबूशाही लागू हो रही, भाजपा बोली-हम भी चुनकर आए हैं

लोकसभा में पेश किए जाने वाले एनसीटी दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक पर राजनीतिक घमासान जारी है। विधेयक पर आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि यह दिल्ली में लोकतंत्र को बाबूशाही में बदल देगा। दिल्ली सरकार की सभी शक्तियां छीनकर भाजपा द्वारा नियुक्त उपराज्यपाल को देने का प्रयास हो रहा है। ये बिल देश के लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है। ये इसलिए क्योंकि भाजपा से आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की सफलता देखी नहीं जा रही।

संविधान के दायरे में काम कर रहे : जोशी
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आप के लोग ऐसे बयान देते रहते हैं। हम संविधान के दायरे का पालन करते हुए काम करते हैं। गृह मंत्रालय ने इस बिल को अच्छे तरीके से तैयार किया है। पिछले 2 चुनाव से पूरे देश ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा का समर्थन किया है और लोग आने वाले चुनाव में भी भाजपा का समर्थन करने वाले हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को समझना चाहिए कि यह भी एक चुनी हुई सरकार है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि हम पहले ही कह चुके हैं कि दिल्ली अध्यादेश बिल लोकसभा में पेश किया जाएगा। हम इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

MUST READ